शहर में युवाओं को नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण के संदेश से जोड़ने के उद्देश्य से 8 फरवरी को नेहरू स्टेडियम में यूथ वॉक–2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समय सुबह 5 बजे निर्धारित किया गया है।
आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। डीसीपी सहित अधिकारियों ने लेआउट प्लान के अनुसार मंच, प्रवेश-निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आयोजन मार्ग और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
युवाओं से भागीदारी की अपील
कार्यक्रम के आयोजक रुद्राक्ष गोलू शु. के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और समाज में जनजागरण फैलाना है। आयोजकों ने शहर के युवाओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम की जानकारी
-
तारीख: 8 फरवरी 2026
-
समय: सुबह 5 बजे
-
स्थान: नेहरू स्टेडियम, इंदौर
यह रहेगा ट्रैफिक प्लान
नेहरू स्टेडियम से रविवार सुबह आयोजित होने जा रही यूथ वॉक–2026 के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। इस दौरान सरवटे बस स्टैंड जाने वाली बसों के रूट भी बदले रहेंगे और वे डायवर्ट मार्गों से संचालित होंगी।
एसीपी जोन-3 हिंदूसिंह मुवे. के अनुसार, रविवार सुबह 5 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। वॉक शुरू होने से लेकर उसके समाप्त होने तक निर्धारित मार्ग पर इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
देवास से आने वाली बसों का बदला रूट
देवास से सरवटे जाने वाली बसों को पीपल्याहाना से कृषि कॉलेज, डेली कॉलेज, आजाद नगर गोल चौराहा, नवलखा, अग्रसेन चौराहा होते हुए छावनी अनाज मंडी रोड और गुजराती कॉलेज के रास्ते सरवटे पहुंचाया जाएगा।
खंडवा-खरगोन की बसें इस मार्ग से जाएंगी
खंडवा और खरगोन से आने वाली बसें नवलखा से अग्रसेन चौराहा, छावनी अनाज मंडी रोड और अर्जुन प्याऊ होते हुए सरवटे बस स्टैंड पहुंचेंगी। वहीं सरवटे से रवाना होने वाली बसों को रीगल, मधु मिलन, गीताभवन और पीपल्याहाना होते हुए आगे भेजा जाएगा।
डायवर्जन पॉइंट्स पर ट्रैफिक पुलिस के जवानों के साथ वॉलंटियर्स भी तैनात रहेंगे।
पार्किंग की भी व्यवस्था
प्रतिभागियों के लिए मेडिकल हॉस्टल के सामने बंगला नंबर-4 के ग्राउंड में पार्किंग तय की गई है। यहां आने वाली बसें व्हाइट चर्च से मेडिकल टी होते हुए पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगी। आवश्यकता अनुसार अन्य खाली स्थानों पर भी वाहन पार्क कराए जाएंगे।
25 हजार युवाओं ने कराया पंजीयन
आयोजकों के अनुसार अब तक करीब 25 हजार युवाओं ने इस कार्यक्रम के लिए पंजीयन कराया है। प्रतिभागियों को आयोजन स्थल पर टी-शर्ट और कैप भी प्रदान की जाएगी।
करीब 3 किलोमीटर लंबी यह वॉक नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर जीपीओ, छावनी, मधु मिलन, एमवाय और शिवाजी वाटिका होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी। इसमें कई स्कूल-कॉलेज और एकेडमी के युवा शामिल होंगे।

Post a Comment