इंदौर के सरवटे बस स्टैंड और राजवाड़ा परिसर से शनिवार को शहर में ‘क्लीन रेड स्पॉट’ अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान अब हर शनिवार नियमित रूप से चलाया जाएगा। नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और नया कदम उठाते हुए शहर से रेड स्पॉट समाप्त करने का लक्ष्य तय किया है।

स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शु. ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बनने वाले रेड स्पॉट को पूरी तरह खत्म करना है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भा. स्वयं सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र और राजवाड़ा के मुख्य द्वार पर पहुंचे और सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए श्रमदान किया।

लोगों को स्पिट कप वितरित किए गए

इस दौरान महापौर ने लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर इधर-उधर थूकने से रोकते हुए स्पिट कप और स्पिट बॉक्स के उपयोग की समझाइश दी। साथ ही नागरिकों को स्पिट कप भी वितरित किए गए।

महापौर ने कहा कि स्वच्छता में देश में आठ बार नंबर-वन रह चुके इंदौर में आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक शनिवार को शहर के सभी 85 वार्डों में यह अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंदौर की पहचान स्वच्छता है और नगर निगम लगातार नए नवाचार कर रहा है। इसी कड़ी में रेड स्पॉट के खिलाफ यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।

महापौर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत नगर निगम और एनजीओ टीम के सदस्यों द्वारा चिह्नित रेड स्पॉट्स की नियमित सफाई की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वालों को रोका जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।

‘नो थू-थू’ और ‘क्लीन रेड स्पॉट’ अभियान के अंतर्गत राजवाड़ा क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान महापौर ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करने और अपनी गाड़ियों में अनिवार्य रूप से स्पिट बॉक्स रखने की अपील की। उन्होंने शहर को रेड स्पॉट-मुक्त बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग मांगा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य प्रभारी, पार्षदगण, अपर आयुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post