इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पूर्व में दर्ज मामले में फरार चल रहा था, जबकि अन्य दो आरोपियों को अलग मामले में शहर के मध्य क्षेत्र से पकड़ा गया।
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने बीते दिनों 60 ग्राम एमडी ड्रग जब्त की थी। इस मामले में एक आरोपी को पहले गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने एक अन्य सप्लायर का नाम उजागर किया था।
इसके बाद बुधवार को क्राइम ब्रांच ने दबिश देकर दूसरे आरोपी को शहर की सीमा से गिरफ्तार किया। आरोपी कम पढ़ा-लिखा है और रिपेयरिंग का काम करता है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने सार्वजनिक शौचालय के पास एमडी ड्रग बेचते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 13 ग्राम एमडी ड्रग, दो मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पेशे से ड्रग पेडलर हैं और चलते-फिरते लोगों को नशा उपलब्ध कराते थे। जल्दी पैसा कमाने के लालच में आरोपी इस अवैध गतिविधि में शामिल हुए थे।

Post a Comment