इंदौर में एक नाबालिग की गला घोंटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उसका शव शनिवार को घर से करीब 30 मीटर दूर स्थित एक बिल्डिंग में पलंग के अंदर मिला।
एमआईजी थाना प्रभारी सी. बी. ने बताया कि नाबालिग की पहचान अली उम्र (13) पिता आफताब के रूप में हुई है। वह श्रीनगर कांकड़ क्षेत्र में रहता था। अली शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे घर के बाहर से लापता हो गया था।
देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में अली दो युवकों के साथ जाते हुए दिखाई दिया।
इसी दौरान परिवार को अली की खून से सनी जैकेट मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान एक बिल्डिंग में पलंग के अंदर से अली का शव बरामद हुआ। आशंका है कि हत्या के बाद शव को छिपाया गया था।
पुलिस ने मामले में रेहान उम्र (21) पिता अब्दुल एस. को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने गला घोंटकर नाबालिग की हत्या की। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
इलाके में दहशत, कई सवाल खड़े
स्थानीय निवासी समीन ख. ने बताया कि अली की तलाश शहर के नदी-तालाब, स्टेशन और अस्पताल तक की गई थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे एक महिला की चीख-पुकार सुनाई दी थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन उस समय कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
शनिवार सुबह बिल्डिंग की छत पर खून से सनी जैकेट मिली। छत पर कई जगह खून के निशान भी पाए गए, जिन्हें साफ करने की कोशिश के संकेत मिले हैं।
बताया जा रहा है कि जिस फ्लैट में शव मिला, वहां दो से तीन लोग रहते हैं, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल है। अली का एक दोस्त इसी बिल्डिंग में रहता था, जिससे मिलने वह वहां आया था, लेकिन उस समय दोस्त घर पर मौजूद नहीं था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment