खेलो एमपी यूथ गेम्स 2026 का समापन समारोह आज शनिवार को शाम 5 बजे भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित होगा। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पी. मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रदेशभर से चयनित खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी इस अवसर के साक्षी बनेंगे।

समापन समारोह से पहले सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास के. ने तात्या टोपे स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मंच व्यवस्था, पुरस्कार वितरण, समय-सारिणी और आमंत्रित अतिथियों से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन 13 जनवरी से किया गया था। प्रदेश के 28 खेलों में ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इनमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और संभागों को सम्मानित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को पहचान देने का माध्यम बना है।

लोअर लेक में कयाकिंग-कैनोइंग में दिखा दम

भोपाल के लोअर लेक में आयोजित कयाकिंग और कैनोइंग स्पर्धाओं में बालक व बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने जल पर संतुलन, गति और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

C1 गर्ल्स 200 मीटर फाइनल में भोपाल की प्रगति ने 50.476 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। टीकमगढ़ की माही को रजत और हरदा की वेदिका को कांस्य पदक मिला।

C2 गर्ल्स 500 मीटर फाइनल में भोपाल की दिव्यानी ने 2:18.388 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक हासिल किया। टीकमगढ़ की कानुप्रिया को रजत और सागर की अनाया को कांस्य पदक मिला।

K4 गर्ल्स 500 मीटर टीम स्पर्धा में भोपाल की रुखमणि, मानवी, ऋषिका और नीलू की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। टीकमगढ़ को रजत और हरदा को कांस्य पदक मिला।

बालक वर्ग की K4 500 मीटर स्पर्धा में भोपाल के के. संतोष, अभिषेक, फैरेंबम और राजकुमार की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीकमगढ़ रजत और उज्जैन कांस्य पदक पर रहा।

टीटी नगर स्टेडियम में बॉक्सिंग के जोरदार मुकाबले

टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में युवा मुक्केबाजों ने तकनीकी कौशल और दमदार पंच के साथ उच्च स्तरीय मुकाबले दिखाए।

बालक वर्ग में
44–46 किग्रा में आर्यन,
46–48 किग्रा में अमृत,
48–50 किग्रा में खुशदीप,
50–52 किग्रा में अभिषेक,
57–60 किग्रा में प्रियांश,
75–80 किग्रा में प्रज्वल ने स्वर्ण पदक जीते।

बालिका वर्ग में स्नेहा, प्रियंशी, आशिता, ऋद्धि, वरिधि, दीति और नव्या ने स्वर्ण पदक हासिल किए। लक्ष्मी और वंशिका को रजत, जबकि प्रियंशी एन. को कांस्य पदक मिला।

भोपाल डिवीजन क्रिकेट चैंपियन

अंडर-19 बॉयस क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में भोपाल डिवीजन ने ग्वालियर को 159 रन से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी और 31 हजार रुपए की इनामी राशि जीती। ग्वालियर रनरअप रहा, जबकि सागर डिवीजन की टीम तीसरे स्थान पर रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post