इंदौर के महू क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां 7 वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में एक ट्रक और गैस टैंकर कारों पर चढ़ गए। यह दुर्घटना मानपुर भेरू घाट पर हुई, जिसके चलते मुंबई–आगरा नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस घाट सेक्शन में हादसा हुआ, वहां करीब दो किलोमीटर लंबी ढलान है। इसी ढलान से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे एक आयशर वाहन से टकरा गया। आयशर को टक्कर लगने के बाद वह आगे चल रही कार से भिड़ गया। इसके बाद पीछे से आ रही एक अन्य कार और पिकअप वाहन भी आपस में टकरा गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन फिलहाल किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment