फ्री में मिठाई लेने पहुंचे बदमाशों को डेयरी संचालक द्वारा मना करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। झगड़े के दौरान बदमाशों ने डेयरी संचालक के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में कुल तीन लोग घायल हुए हैं।

यह मामला शुक्रवार रात एरोड्रम थाना क्षेत्र के 60 फीट रोड स्थित एक डेयरी का है। पुलिस के अनुसार, डेयरी का संचालन मोहन और उनके दो बेटे नितिन व अंकित करते हैं। रात करीब 11 बजे तीन से चार युवक दुकान पर पहुंचे और फ्री में मिठाई मांगने लगे। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मोहन के गले में गंभीर चोट आई, जबकि उनका बेटा नितिन भी घायल हुआ है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इससे पहले भी आरोपी युवक फ्री में मिठाई लेने आ चुके थे। इस बार मना करने पर उन्होंने हमला कर दिया। आरोपियों की पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

इधर, पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने बताया कि आरोपी युवक अक्सर फ्री में सामान मांगते थे और मना करने पर गाली-गलौज करते थे। इस बार वे मारने की नीयत से आए थे। बड़े भाई की गर्दन पर चाकू से हमला किया गया और छोटे भाई के सिर पर गंभीर चोट आई। हमलावर छह से सात की संख्या में थे और पहले भी दुकान में तोड़फोड़ कर चुके हैं। इलाके के व्यापारी भी इनसे परेशान हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post