यूपी के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार से अलग रह रहे सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त इंजीनियर का शव गुरुवार को जाजमऊ क्षेत्र के एक आवास में सड़ी-गली हालत में मिला। कमरे में शराब की खाली बोतलें भी पड़ी थीं। करीब 15 दिनों से संपर्क न होने पर जब भाई-बहन घर पहुंचे, तो बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस ने कमरे के बेड से शव बरामद किया और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पत्नी आयकर विभाग से सेवानिवृत्त हैं और करीब दो साल से अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके में रह रही थीं। बताया गया कि मृतक घर में अकेले रहते थे।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, 62 वर्षीय व्यक्ति सिंचाई विभाग में जूनियर इंजीनियर पद से रिटायर हुए थे। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। मृतक की बहन ने बताया कि भाभी बेटियों के साथ मायके में रहती हैं और भाई अकेले रहते थे। वह हर 10–15 दिन में भाई से मिलने आती थीं, लेकिन 25 दिसंबर के बाद घर नहीं आ सकीं। इसी दौरान भाई का मोबाइल भी बंद आने लगा।

नए साल पर शुभकामनाएं देने के लिए फोन किया गया, लेकिन नंबर बंद मिला। कई दिनों तक संपर्क न होने पर भाई और बहन घर पहुंचे, जहां दरवाजे के पास से दुर्गंध आ रही थी। अनहोनी की आशंका पर पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस ने घर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में बेड पर शव पड़ा मिला। थाना प्रभारी के अनुसार, शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post