जबलपुर जिले के गोसलपुर क्षेत्र में शुक्रवार को शासकीय उचित मूल्य की दुकान को लेकर ऐसा विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। दुकान के संचालन को लेकर समूह की अध्यक्ष और सचिव, अपने-अपने परिजनों के साथ आमने-सामने आ गईं। लात-घूंसे चले और हंगामे का वीडियो शनिवार सुबह से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस मामले में समूह की अध्यक्ष अर्चना और सदस्य शशि ने गोसलपुर थाने में सचिव पूजा, उसके पति और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल, शासन के आदेश पर कछपुरा गांव में करीब दो साल पहले शासकीय उचित मूल्य की दुकान खोली गई थी। दुकान का संचालन महिला समूह को सौंपा गया था, जिसमें अध्यक्ष और सचिव समेत अन्य सदस्य शामिल थीं। शुरुआत में सभी ने मिलकर काम करने का भरोसा दिया था, लेकिन समय के साथ मतभेद बढ़ते चले गए।
अध्यक्ष का आरोप है कि दुकान से होने वाला मुनाफा सचिव अपने पास रखती थी और सवाल पूछने पर वह पति और बेटे को आगे कर देती थी। इसको लेकर अध्यक्ष ने पहले भी सिहोरा एसडीएम से शिकायत की थी। जांच में यह भी सामने आया था कि सचिव ने दुकान पर अपने परिवार के साथ एकतरफा नियंत्रण बना रखा था। इसके बाद प्रशासन ने दुकान की जिम्मेदारी अध्यक्ष को सौंप दी।
यही फैसला विवाद की सबसे बड़ी वजह बन गया।
बताया गया है कि दुकान के लिए खरीदा गया तौल-कांटा भी इसी तनातनी का कारण बना। जब तक दुकान सचिव के पास थी, कांटा वहीं रखा रहा, लेकिन जिम्मेदारी बदलते ही कांटा घर पर रख लिया गया। जब अध्यक्ष ने कांटा वापस मांगा, तो विवाद फिर भड़क उठा।
शुक्रवार को जब अध्यक्ष अन्य महिला सदस्यों के साथ दुकान चला रही थीं, तभी सचिव अपने पति, बेटे और एक साथी महिला के साथ वहां पहुंच गईं। कहासुनी शुरू हुई, देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और झगड़ा हिंसक हो गया। आरोप है कि हमले में अध्यक्ष के चेहरे पर गंभीर चोट आई है।
फिलहाल गोसलपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर को ऑडियो में सुनें

Post a Comment