पॉश इलाके में नियमों की अनदेखी कर देर रात तक तेज आवाज़ में संगीत बजाने वाले पब और बार संचालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इसी क्रम में शुक्रवार रात पुलिस ने द हब बिल्डिंग में संचालित दो प्रतिष्ठानों — एफ-बार और नैनिस किचन — को सील कर दिया।
लसूडिया थाना प्रभारी तारेश पुलिस बल के साथ एफ-बार पहुंचे, जहां खुले टेरेस पर लाइव म्यूजिक चल रहा था और कई लोग मौजूद थे। पुलिस टीम को देखकर वहां बैठे लोग चौंक गए। थाना प्रभारी ने सिंगरों को तुरंत म्यूजिक बंद करने का निर्देश दिया और खुद माइक लेकर बताया कि खुले फ्लोर पर रात 10 बजे के बाद संगीत बजाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि इस नियम की जानकारी पहले भी दी जा चुकी है, लेकिन उसका पालन नहीं किया गया।
पुलिस द्वारा किए गए साउंड चेक में पाया गया कि म्यूजिक की आवाज़ लगभग 500 मीटर तक, वृंदावन चौराहे तक सुनाई दे रही थी। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि यह व्यावसायिक गतिविधि है और इसके कारण आम लोगों को परेशान नहीं किया जा सकता। इसके बाद ओपन फ्लोर को सील करने की कार्रवाई की गई। मौके पर मौजूद एक युवती ने समय 10:50 बजे बताया, जिस पर पुलिस ने कहा कि तय समय से 50 मिनट अधिक हो चुके हैं।
इसके बाद पुलिस टीम नैनिस किचन पहुंची, जहां रात 11 बजे तक तेज आवाज़ में म्यूजिक बजाया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए इस प्रतिष्ठान को भी सील कर दिया गया।
इस कार्रवाई से पॉश कॉलोनियों में संचालित पब और बार संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी जो प्रतिष्ठान नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment