राजस्थान के बाड़मेर जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हाईवे किनारे खड़ी दो महिलाएं अचानक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क के अलग-अलग किनारों पर करीब 50 मीटर दूर जा गिरीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसा धोरीमन्ना थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं एक बस से यात्रा कर रही थीं और शौचालय जाने के लिए बस से उतरी थीं। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार थार ने उन्हें कुचल दिया।
कुछ ही सेकंड में अफरा-तफरी मच गई। बस में बैठे अन्य यात्री दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं गुजरात की रहने वाली थीं और रामदेवरा में दर्शन कर वापस लौट रही थीं। बस में उनके साथ करीब 50 श्रद्धालु और भी सवार थे।
पुलिस के मुताबिक, टक्कर मारने वाला वाहन धोरीमन्ना की ओर से सांचौर की तरफ जा रहा था। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाओं के हाथ-पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन व चालक की तलाश जारी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और हाईवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Post a Comment