इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में गुरुवार रात एक स्कूली छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा अपनी मां और बड़ी बहन के साथ एक गार्डन घूमने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे की है। छात्रा अपनी मां और बहन के साथ गार्डन में आई थी और वहां लगी एक्सरसाइज मशीनों के पास खेल रही थी। कुछ देर बाद मां और बहन गेट की ओर बढ़ गईं और छात्रा को भी बुलाया, लेकिन उसने थोड़ी देर में आने की बात कही।

इसी दौरान गार्डन में टहल रहा एक युवक छात्रा के पास पहुंचा और उसका हाथ पकड़कर उसे अपने साथ चलने को कहने लगा। अचानक हुई इस हरकत से घबराई छात्रा जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनते ही आरोपी वहां से भाग निकला।

घटना के बाद गार्डन में मौजूद लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। छात्रा ने पूरी बात परिजनों और स्थानीय लोगों को बताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

इस खबर को ऑडियो में सुनें




Post a Comment

Previous Post Next Post