इंदौर की एक कॉलोनी में एक सप्ताह पहले दोस्त के पास रहने आई 22 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। बुधवार रात युवती का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद दोस्त उसे निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवती को मृत अवस्था में लाया गया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि युवती को उसका दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचा था। उसने पुलिस को बताया कि रात करीब नौ बजे उसने युवती को फंदे पर लटका देखा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती उज्जैन स्थित एक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और मूल रूप से मध्यप्रदेश के एक अन्य जिले की रहने वाली थी। वह एक सप्ताह पहले इंदौर आई थी और अपने दोस्त के साथ रह रही थी। युवक भी प्रदेश के ही एक जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने युवती के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Post a Comment