आगरा–मुंबई नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एम्बुलेंस हाईवे पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एम्बुलेंस में सवार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सहित पांच अन्य जवान घायल हो गए। घटना घाटीगांव वन चौकी के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के शिवपुरी से कुछ बीमार आईटीबीपी जवानों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से ग्वालियर लाया जा रहा था। बुधवार सुबह जैसे ही एम्बुलेंस घाटीगांव वन चौकी के सामने पहुंची, वह हाईवे पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने आईटीबीपी के एक जवान को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मृतक की पत्नी सहित पांच जवान घायल हुए हैं, जिनका इलाज ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस में सवार सभी जवान किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे और उन्हें इलाज के लिए रेफर किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय हाईवे पर घना कोहरा था, जिससे एम्बुलेंस चालक को खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया। वहीं कुछ लोगों ने चालक को झपकी आने की आशंका भी जताई है।

पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post