उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके में गुरुवार सुबह एक पल में सब कुछ बदल गया। भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर अचानक एक तेज आवाज गूंजी और देखते ही देखते पर्यटकों से भरी एक गाड़ी आंखों से ओझल हो गई। सड़क पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गाड़ी सैकड़ों फीट नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। गहरी खाई और कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण रेस्क्यू में समय लगा, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से घायलों तक पहुंच बनाई गई।
जांच में सामने आया कि यह हादसा नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में, राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। गाड़ी में कुल नौ लोग सवार थे, जो दर्शन के लिए निकले थे। लेकिन मंदिर से कुछ किलोमीटर पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
रेस्क्यू के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि गाड़ी चला रहे युवक की मां, पत्नी और साली की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, गाड़ी में सवार अन्य छह लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि कुछ की हालत नाजुक होने पर उन्हें बड़े अस्पताल में रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे और उत्तर प्रदेश व गुजरात से यात्रा पर निकले थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वाहन सड़क किनारे लगे सेफ्टी बैरियर को तोड़ते हुए करीब 200 फीट गहरी खाई में गिरा और नीचे नदी में जा पहुंचा।
जिस स्थान पर गाड़ी गिरी, उसके पास ही श्मशान घाट भी स्थित है। दुर्गम इलाके और पानी के कारण खबर लिखे जाने तक वाहन को बाहर नहीं निकाला जा सका था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Post a Comment