इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला बस के ड्राइवर और कंडक्टर के बीच शराब के नशे में हुई कहासुनी से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।
एमआईजी थाने के प्रभारी के अनुसार, रोबोट चौराहे के पास इंदौर–शिर्डी–पुणे रूट पर चलने वाली एक बस के नीचे युवक का शव पड़ा मिला। जांच में मृतक की पहचान बस के कंडक्टर सचिन के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था। नशे की हालत में कंडक्टर ने ड्राइवर से विवाद करते हुए अपशब्द कहे। इसके बाद ड्राइवर बस के अंदर जाकर सो गया, जबकि कंडक्टर बाहर से बस पर जोर-जोर से हाथ मारने लगा। ड्राइवर ने उसे समझाकर जबरन बस के अंदर ले जाने की कोशिश की, इसी दौरान कंडक्टर बस की सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गया।
रात में बस के बाहर ही बैठा रहा कंडक्टर
बताया जा रहा है कि सिर में चोट लगने के बावजूद कंडक्टर बस के अंदर जाने को तैयार नहीं हुआ और बाहर ही बैठा रहा। रात करीब तीन बजे ड्राइवर ने बस मालिक को भी घटना की जानकारी दी, लेकिन कंडक्टर बस के अंदर नहीं आया। सुबह कड़ाके की ठंड के बीच जब कंडक्टर को देखा गया, तो उसकी मौत हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि ठंड और चोट के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है।
दिनभर से शराब पी रहा था कंडक्टर
ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि कंडक्टर दिनभर से शराब पी रहा था और उसने कुछ खाया भी नहीं था। बस खराब होने के कारण दोनों बस में ही रुककर मरम्मत करवा रहे थे। पुलिस ने बस संचालक को घटना की जानकारी दे दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Post a Comment