यूपी के रायबरेली में बछरावां थाना क्षेत्र के एक गांव में प्राइमरी स्कूल के एक छात्र को शिक्षक द्वारा बैट से पीटने का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों ने शिक्षक पर जातिगत भेदभाव का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों के साथ स्कूल का घेराव किया और प्रधानाचार्य पर कार्रवाई की मांग की। बुधवार सुबह परिजन स्कूल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर भी दी।
प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक के छात्र ऋतिक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि किसी बात पर विद्यालय के एक शिक्षक ने छात्र के सिर पर बैट से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराते हुए चौकी पर तहरीर देने की बात कही।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों के साथ न केवल मारपीट की जाती है, बल्कि जातिगत भेदभाव भी किया जाता है। विरोध में ग्रामीणों ने स्कूल का घेराव किया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन करेंगे। पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि देर शाम जब बच्चा घर पहुंचा, तभी उन्हें घटना की जानकारी मिली। मंगलवार दोपहर हुई इस घटना की शिकायत बुधवार को स्थानीय चौकी पर की गई है।

Post a Comment