भोपाल पुलिस ने घर में नकली नोट छापने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से करीब 2.25 लाख रुपए कीमत के जाली नोट और नोट बनाने का सामान बरामद किया। युवक पहले प्रिंटिंग प्रेस में काम कर चुका है और वही अनुभव वह घर पर नोट बनाने में इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह कब से इस काम में लगा था और कितने लोगों तक नकली नोट पहुंचा चुका है।
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे सूचना मिली कि शांति नगर झुग्गी बस्ती के पास एक युवक नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 500 रुपए के 23 नकली नोट मिले। आरोपी ने अपना नाम विवेक (करोंद क्षेत्र का निवासी) बताया।
घर में छाप रहा था नकली नोट
पूछताछ में विवेक ने बताया कि वह अपने घर में कंप्यूटर और प्रिंटर की मदद से नकली नोट बना रहा था। उसे प्रिंटिंग और डिज़ाइनिंग का अनुभव था, जिसे वह गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहा था।
2 लाख 25 हजार 500 रुपए बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से 500 रुपए के 428 नकली नोट मिले। कुल मिलाकर 2,25,500 रुपए के जाली नोट बरामद हुए। साथ ही कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर और अन्य औज़ार भी जब्त किए गए।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या आरोपी ने नकली नोट पहले से बाजार में भी चलाए हैं।

Post a Comment