शादी के बाद घर से सामान लूटकर फरार होने वाली दुल्हनों के मामले इन दिनों लगातार सामने आ रहे हैं। यूपी के सहारनपुर जिले में भी ऐसा ही एक मामला देखने को मिला है। यहां एक युवक पश्चिम बंगाल से करीब 60 हजार रुपये देकर एक युवती को लाया और उसे दुल्हन बनाकर अपने घर ले आया। शादी के बाद घर में खुशी का माहौल था और दुल्हन का व्यवहार भी सामान्य लग रहा था, जिससे किसी को कोई शक नहीं हुआ। लेकिन शादी के सिर्फ 18 दिन बाद दुल्हन मौका देखकर घर से नकदी और गहने लेकर फरार हो गई।

मामला पटनी गांव का है। यहां रहने वाले पवन के बेटे गौरव की शादी 26 अक्टूबर को कोलकाता के दीवानपुर इलाके की रहने वाली एक युवती से कराई गई थी। गांव के ही एक युवक ने यह रिश्ता करवाया था। आरोप है कि इस शादी के बदले उसने गौरव के परिवार से 60 हजार रुपये लिए थे। शादी तय होने के बाद वह गौरव को कोलकाता ले गया, जहां शादी कराई गई।

शादी के बाद गौरव अपनी दुल्हन को गांव लेकर आया और सभी रस्में पूरी की गईं। लेकिन 18 नवंबर को गौरव घर का सामान लेने बाहर गया हुआ था। उसके माता-पिता मजदूरी पर गए थे, घर पर दुल्हन अकेली थी। जब गौरव वापस लौटा तो दरवाजा खुला मिला और दुल्हन गायब थी। अलमारी में रखे गहने और पैसे भी नहीं थे। यह देखकर गौरव को समझ आ गया कि वह ठगी का शिकार हुआ है।

साले और बिचौलिए को लोगों ने पकड़ा

गौरव ने बताया कि दुल्हन की तलाश के लिए गांव और रिश्तेदारी में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गांववालों ने बिचौलिए और उसके साले को पकड़ा, लेकिन पूछताछ में भी कोई जानकारी नहीं मिली। गौरव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि शादी के नाम पर ठगी के कई मामले सामने आ रहे हैं और जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post