इंदौर–पुणे रूट पर चलने वाली एक निजी ट्रैवल्स की बस में नेशनल शूटर से छेड़छाड़ की गई। जब पुणे की यह महिला शूटर बस में चढ़ रही थी, तो कंडक्टर ने उसे गलत तरीके से छुआ। महिला खिलाड़ी ने इसका विरोध किया तो ड्राइवर और कंडक्टर दोनों उससे बदतमीजी करने लगे। इसके बाद महिला शूटर ने दोनों को सबक सिखाते हुए पिटाई कर दी।
घटना के बाद ड्राइवर और कंडक्टर मौके से भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों नशे की हालत में थे। मामला इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 30 वर्षीय नेशनल खिलाड़ी शूटिंग प्रतियोगिता के लिए इंदौर आई थी और रविवार रात वह एक निजी ट्रैवल्स की बस से पुणे लौट रही थी।
बस संचालक थाने नहीं पहुंचे
हंगामे के बाद सभी यात्री बस से उतर गए और उन्होंने ट्रैवल्स ऑफिस में फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बस पूरे रात सड़क पर खड़ी रही। इसके बाद ट्रैवल्स की ओर से नया ड्राइवर भेजा गया और सोमवार सुबह 4 बजे बस पुणे के लिए रवाना हो सकी।
महिला खिलाड़ी ने थाने में आवेदन दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद एफआईआर की जाएगी। पुलिस ने ट्रैवल्स संचालकों से संपर्क किया, लेकिन वे थाने नहीं पहुंचे।
घटना की जांच कर रही एसआई ने बताया कि घटना की पुष्टि हुई है। पीड़िता पुणे लौट गई है और आगे की प्रक्रिया को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की जा रही है।
.jpeg)
Post a Comment