इंदौर के खजराना इलाके में बुधवार रात एक बुजुर्ग संदिग्ध हालत में सड़क पर पड़े मिले थे। एक राहगीर ने फोन करके उनके बेटे को इसकी जानकारी दी। बेटे ने हत्या की आशंका जताई थी, जबकि शुरुआत में पुलिस ने इसे नकार दिया था।
पास की एक निर्माणाधीन इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई, जिसका फुटेज शुक्रवार को सामने आया। वीडियो में दिखता है कि एक युवक लूट की नीयत से बुजुर्ग के पास पहुंचता है और पैसे छीनने का प्रयास करता है। विरोध करने पर आरोपी पत्थर से बुजुर्ग पर हमला कर देता है, जिससे उनकी मौत हो जाती है। फुटेज सामने आने के बाद खजराना पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
पत्थर से सिर पर वार किया गया था
मालवीय नगर पेट्रोल पंप के पास करीब 65 साल के बुजुर्ग की पत्थर मारकर हत्या की गई। सीसीटीवी में आरोपी उन्हें रोकते, धक्का-मुक्की करते और फिर हमला करते दिख रहा है। कुछ वाहन चालक भी उस समय वहां से गुजर रहे थे, जिनमें से एक व्यक्ति ने बुजुर्ग के बेटे को फोन कर बताया था।
काम से घर लौट रहे थे
बुजुर्ग के बेटे ने बताया कि पिता रात की ड्यूटी पूरी करके घर लौट रहे थे। तभी आरोपी ने उन्हें रोका और हमला किया। बेटे का कहना है कि उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी को हत्या की आशंका बताई थी, लेकिन तत्काल ध्यान नहीं दिया गया।
अस्पताल पहुंचते ही मौत घोषित
घटना के बाद परिजन बुजुर्ग को घायल अवस्था में एमवाय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों ने बताया कि वे निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास घायल मिले थे और उस समय होश में नहीं थे। बुजुर्ग दैनिक मजदूरी करते थे।

Post a Comment