इंदौर के अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की भूमि पर कब्जे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले में कलेक्टर के निर्देश पर शुक्रवार को पुलिस, नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची।

कार्रवाई शुरू होते ही वहां रह रहे परिवारों ने जोरदार विरोध किया। कुछ लोगों ने खुद पर केरोसिन जैसी ज्वलनशील सामग्री उड़ेलकर आत्मदाह की कोशिश की, जबकि एक युवती घर की चादर पर चढ़कर सुसाइड की धमकी देने लगी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में ले लिया। प्रशासन के अनुसार, यहां करीब 4 परिवारों द्वारा ट्रस्ट भूमि पर कब्जा किया गया था।

जांच में जमीन ट्रस्ट की पाई गई

अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की जमीन पर निर्माण को लेकर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने पहले भी शिकायत की थी। मामला पहले से पुलिस में लंबित था। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम और तहसीलदार द्वारा की गई जांच में यह जमीन मंदिर ट्रस्ट की ही पाई गई।

इसके बाद गुरुवार को अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया गया। शुक्रवार सुबह टीम कार्रवाई के लिए पहुंची, तो रहवासी अड़े रहे और टीम को रोकने का प्रयास किया।

आत्मदाह और आत्महत्या की धमकी

विरोध के दौरान एक महिला और दो युवकों ने खुद पर घासलेट डालकर आत्मदाह की धमकी दी। पुलिस ने तुरंत उन्हें काबू में किया और हिरासत में लिया। इसी दौरान एक युवती छत पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की कोशिश की। महिला पुलिसकर्मी ने जोखिम उठाकर युवती को नीचे उतारा, इस दौरान वह हल्की रूप से घायल हो गई।

बिजली पोल पर चढ़कर धमकी

कार्रवाई के दौरान एक युवक दीवार पर चढ़कर बिजली के पोल पर जा बैठा और तार पकड़ने की धमकी देने लगा। हालांकि प्रशासन ने पहले से क्षेत्र की बिजली सप्लाई कटवा दी थी। पुलिसकर्मियों ने काफी समझाइश के बाद युवक को नीचे उतारा।


उधर, नगर निगम की टीम कब्जा हटाने का काम करती रही, जबकि परिवार लगातार कार्रवाई का विरोध कर रहा था।


Post a Comment

Previous Post Next Post