यूपी के गोंडा में एक बड़ा लापरवाही का मामला सामने आया है। देर रात एक युवक का शव अस्पताल की शवगृह में रखा गया था, लेकिन सुबह जब परिजनों ने देखा तो शव की दोनों आंखें क्षतिग्रस्त थीं। यह देख परिजन भड़क गए और अस्पताल में हंगामा कर दिया। बाद में पुलिस व अधिकारियों द्वारा समझाने पर स्थिति शांत हुई। अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गोंडा के एक गांव निवासी युवक की छत से गिरकर मौत हो गई थी। रात होने के कारण शव को बाबू ईश्वर शरण अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया था। सुबह पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी खोली गई तो आंखों में गंभीर क्षति मिली।

परिजनों ने शव की स्थिति देख नाराजगी जताई और अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करने की तैयारी की, लेकिन स्थानीय पुलिस द्वारा समझाइश पर वे मान गए।

अस्पताल प्रशासन की ओर से प्राथमिक अनुमान लगाया गया है कि संभवतः शव को चूहों ने नुक़सान पहुंचाया होगा। अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने पोस्टमार्टम के लिए एक पैनल गठित किया है, जिसके बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post