घटना के कई वीडियो सामने आए, जिसमें मंदिर की सीढ़ियों पर भारी भीड़ दिखी। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पीछे से धक्का लगते देखा गया। कई लोग चीखते-चिल्लाते बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए दूसरों के ऊपर चढ़कर निकलते नजर आए।
हादसे के तुरंत बाद के वीडियो में देखा गया कि लोग भीड़ में दबी महिलाओं और बच्चों को निकालने की कोशिश कर रहे थे। कई महिला श्रद्धालु मौके पर बेसुध पड़ी दिखाई दीं। कई को हाथ-पैर पकड़कर बाहर खींचा गया।
श्रीकाकुलम का यह वेंकटेश्वर मंदिर प्राचीन और बेहद प्रसिद्ध है। इस मंदिर को ‘उत्तरा तिरुपति’ यानी उत्तर तिरुपति भी कहा जाता है, क्योंकि इसका स्वरूप और पूजा-पद्धति तिरुपति बालाजी मंदिर से काफी मेल खाती है। माना जाता है कि यह मंदिर 11वीं–12वीं सदी के बीच चोल और चालुक्य शासनकाल के दौरान बना।
एकादशी, कार्तिक मास और अन्य बड़े पर्वों पर हर साल यहां हजारों-लाखों भक्त पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में विशेष पूजा, भोग और धार्मिक कार्यक्रम होते हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि यहां दर्शन से सुख-समृद्धि और शांति की प्राप्ति होती है।

Post a Comment