इंदौर के एमजी रोड इलाके में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक हादसा हुआ। घर लौट रहे दो दोस्त बाइक से जा रहे थे, तभी एक कॉलेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बस का पहिया एक युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक घायल है, जिसे अस्पताल भेजा गया। लोगों ने गुस्से में मौके पर बस ड्राइवर को पकड़कर पीटा और बाद में पुलिस को सौंप दिया।
राजकुमार ब्रिज के पास हुआ एक्सीडेंट
पुलिस के अनुसार, घटना राजकुमार ब्रिज के पास की है। बाइक पर प्रेम K. निवासी मूसाखेड़ी अपने दोस्त देवी L. के साथ जा रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर मेडिकेप्स कॉलेज की तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मारी। टक्कर में देवी L. की मौत हो गई, जबकि प्रेम K. का पैर फ्रैक्चर हुआ है।
दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे
परिजनों के मुताबिक प्रेम K. ट्रक ड्राइवर है और देवी L. उसी कंपनी में सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था। देवी L. का परिवार मूल रूप से विदिशा क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस बस को जब्त कर चुकी है और ड्राइवर से पूछताछ कर रही है।
2 महीने पहले भी इसी कॉलेज की बस से बड़ा गणपति क्षेत्र में मौतें हुई थीं
सूत्रों के अनुसार 2 महीने पहले इसी कॉलेज की बस से एक्सीडेंट हुआ था जिसमें एक छात्रा और एक प्राइवेट कंपनी कर्मचारी की मौत हुई थी।

Post a Comment