श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा गांव में सोमवार को घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने गई महिलाओं और बच्चों पर अचानक मिट्टी का टीला ढह गया। इस हादसे में छह लोग मलबे में दब गए, जिसमें 12 वर्षीय बालिका की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।
टीआई राकेश शर्मा के अनुसार, दीपावली की तैयारियों के तहत गांव की महिलाएं और बच्चे घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने पास के एक पुराने टीले पर गए थे। मिट्टी निकालते समय अचानक टीला धंस गया और सभी लोग मलबे में दब गए। घटना इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और हाथ व फावड़ों की मदद से मलबे को हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला। तब तक बालिका की मौत हो चुकी थी। अन्य पांच लोगों को बेहोशी की हालत में विजयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर है, लेकिन दो बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
विजयपुर थाना प्रभारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज और परिजनों को सहायता राशि दिलाने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि हर साल दीपावली से पहले इसी स्थान से मिट्टी ली जाती है, लेकिन इस बार टीला अस्थिर होकर गिर गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और दीपावली की रौनक गम में बदल गई। ग्रामीणों ने ऐसे खतरनाक स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं न हों।

Post a Comment