यह दुखद घटना टीकमगढ़ से सटे निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर नगर की है। यहां हाई स्कूल के एक छात्र ने निजी स्कूल से निष्कासित किए जाने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, नगर में ओरछा रोड स्थित एक स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र बीती रात अपने घर में फांसी पर झूल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के पिता ने बताया कि उनके बेटे को स्कूल में पटाखा फोड़ने की गलती के बाद 15 दिनों के लिए स्कूल आने से रोक दिया गया था। इसी बात से वह मानसिक रूप से आहत हो गया और उसने यह कदम उठा लिया।
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और परिजनों व स्कूल प्रबंधन दोनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन जिम्मेदार व्यक्तियों से बात नहीं हो सकी।

Post a Comment