उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के नरसेना क्षेत्र के एक गांव में कुत्ते के काटने के एक माह बाद युवक की मौत हो गई। बताया गया कि कुत्ते के काटने के बाद युवक को एंटी रेबीज की चार वैक्सीन दी गई थीं, लेकिन इसके बावजूद उसकी हालत बिगड़ती गई और आखिरकार उसने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, उसी पागल कुत्ते ने गांव के चार अन्य लोगों को भी काटकर घायल किया था, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब एक माह पहले पागल कुत्ते ने उसके हाथ और पैरों में काटकर घायल कर दिया था। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उसे एंटी रेबीज वैक्सीन दी गई।

परिवार का कहना है कि सभी चार डोज लगवाने के बावजूद कुछ दिनों बाद व्यक्ति को खुजली, बेचैनी और पानी से डर लगने जैसी परेशानी होने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुत्ते के काटने के मामलों में सिरम वैक्सीन भी आवश्यक होती है। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post