दिल्ली पुलिस ने राजधानी में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 369.1 किलाग्राम अवैध पटाखा जब्त किया है, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमे से मध्य जिला पुलिस ने कमला मार्केट इलाके में 177.1 किलो पटाखा के साथ 3 लोगों को पकड़ा है्र जबकि क्राइम ब्रांच ने संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में 192 किलो पटाखा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मध्य जिला पुलिस की टीम ने 177.1 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखा के तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन वाहन जब्त किए गए। दरअसल पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए कमला मार्केट के पास जाल बिछाया और रतनदीप, तुषार और साहिल नामक तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जो अपने-अपने वाहनों में अवैध पटाखे लेकर जा रहे थे। इसके बाद तीनों के खिलाफ इस संबंध में धारा 223(बी) बीएनएस और 9(बी) विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। तीनों रोहिणी के रहने वाले हैं।
अवैध पटाखों की दूसरी जब्ती क्राइम ब्रांच ने की। संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गोदाम में छापेमारी कर 192 किलो पटाखा जब्त किया और पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मूल रूप से हिमाचल का रहने वाला आरोपी कोविड-19 के बाद से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में काम कर रहा है। उसने आसानी से पैसा कमाने के लिए इन पटाखों को स्टोर करके बेचने के लिए संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में एक गोदाम किराए पर लिया था। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 223 (बी), 288 बीएनएस और 9 (बी) विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

Post a Comment