मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के जिला अस्पताल में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां अस्पताल के कैदी वार्ड से देर रात आरोपी पुलिस की ही राइफल लेकर फरार हो गया। कैदी वार्ड से पुलिस को चकमा देकर भागने वाले कैदी का नाम रविंद्र सिंह परिहार है, उसे कुछ महीने पहले ही पुलिस ने एनकाउंटर में गिरफ्तार किया था। रविंद्र एक कुख्यात अपराधी है, जिस पर कई संगीन मामले पहले से ही दर्ज हैं। गुरुवार रात 3 बजे रविंद्र जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से चार पुलिसकर्मियों को चकमा देते हुए उनकी ही राइफल लेकर फरार हो गया। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

वार्ड में बाहर से लगा दी कुंडी

रविंद्र कुख्यात ही नहीं काफी शातिर भी है। अस्पताल के कैदी वार्ड से भागने के दौरान उसने बाहर से दरवाजे पर कुंडी भी लगा दी थी, जिससे पुलिसकर्मी उसका पीछा ना कर पाएं। सुबह होने पर पुलिस की दूसरी टीम पहुंची और दरवाजा तोड़कर बाकी पुलिसकर्मियों को अंदर से बाहर निकाला गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कैदी वार्ड में चार पुलिसकर्मी तैनात थे। देर रात जैसे ही रविंद्र को एहसास हुआ कि यह पुलिसकर्मी गहरी नींद में हैं, इसी का फायदा उठाते हुए रविंद्र वहां से भाग निकला। सुबह होते-होते जैसे ही मामला पुलिस के आला अधिकारियों को पता चला, पुलिस महकने में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में छतरपुर एसपी अगम जैन ने कैदी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया और इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है|

10 हजार का इनाम किया घोषित

एसपी आगम जैन ने एक बार फिर आरोपी रविन्द्र को पकड़ने के लिए 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इससे पहले रविंद्र पर 30 हजार का इनाम घोषित किया गया था। बाद में पुलिस ने एनकाउंटर करते हुए उसे छतरपुर के आसपास के जंगलों से गिरफ्तार किया था। लेकिन पुलिस की सारी मेहनत पर पानी फेरते हुए रविंद्र राइफल लेकर अस्पताल से फरार हो गया है। इस मामले की सूचना मिलने के बाद से ही एसपी अगम जैन ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। एसपी ने पुलिस की कई टीमें बना दी हैं। एसपी अगम जैन का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जल्द ही हमारी टीम आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post