मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष का निर्वाचन हो गया है। इस बार प्रदेश की कमान हेमंत खंडेलवाल को मिली है। अपने नाम की घोषणा होने के फौरन बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट लहजे में चेतावनी भरे अंदाज में कहा- जो दाएं-बाएं होगा, उसे दिक्कत आएगी। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस को एक चुनौती भी दे डाली।

 जो दाएं-बाएं होगा, उसे दिक्कत आएगी 

अपने पहले संबोधन में कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पार्टी को समर्पित हर व्यक्ति का सम्मान होगा और पार्टी से जो 'दाएं-बाएं' होगा, उसे दिक्कत आएगी। कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि क्षमता और लगन वाले हर कार्यकर्ता को काम मिलेगा। समाज भाजपा से अच्छे आचरण की उम्मीद करता है, हमारी जिम्मेदारी है कि हम जनता की भावना के अनुरुप अपना आचरण रखें।

 कांग्रेस को दे डाली चेतावनी 

उन्होंने कांग्रेस को भी चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा में अध्यक्ष के तौर पर भी सिर्फ एक ही व्यक्ति का नामांकन सामने आया। उन्होंने कहा कि भाजपा में जैसा अध्यक्ष पद का चुनाव हुआ है, आप (कांग्रेस) वार्ड का भी करा के देख ले तो हम आपका सम्मान करेंगे। भाजपा में सबसे बड़ा अनुशासन है, जहां सब मिल कर काम करते हैं।

 ये पद, पद नहीं दायित्व है 

खंडेलवाल ने कहा कि उनका ये पद, पद नहीं दायित्व है। जनसंघ से अब तक जितने भी पार्टी के अध्यक्ष हुए हैं, उन्होंने पार्टी को मजबूत किया है। निवर्तमान अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। इस दौरान उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे, प्यारेलाल खंडेलवाल, अटल बिहारी वाजपेयी समेत अन्य सभी वरिष्ठतम नेताओं को याद किया और सभी पुराने अध्यक्षों का भी संदर्भ दिया।

उन्होंने कहा कि उनमें कोई अतिरिक्त योग्यता नहीं है, वे भी आम कार्यकर्ता हैं। भाजपा आम कार्यकर्ता को पद पर बैठा देती है। हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा के नेतृत्व में काम करना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post