एक तरफ जहां पराली जलाने को लेकर प्रशासन सख्त है वहीं दूसरी तरफ लोग इससे बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें जली हुई पराली से उठा बवंडर आग का गोला बन गया। इस बवंडर में फंसने से एक महिला जिंदा जल गई। बवंडर से छूटने के बाद महिला को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सतना जिले के कोटर ख़म्भरिया गांव में गेहूं की फसल कटने के बाद खेत में चारों तरफ पराली फैली थी। इसी दौरान पराली में लगी आग के संपर्क में हवा का बवंडर में आ गया।देखते ही देखते यह बवंडर आग के गोले में तब्दील हो गया। इसमें फंसकर एक 54 वर्षीय तेजकली सिंह आग की चपेट में आ गई। बवंडर इतना भयानक था कि महिला उससे बाहर ही नहीं निकल पाई और उसमें फंस कर जिंदा जल गई। बवंडर खत्म होने के बाद तेजकली बवंडर से छूटी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। तेजकली बुरी तरह से झुलस गई। उसे गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी हॉस्पिटल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान तेजकली ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि खेत में उन्हें हवा का बवंडर दूर से दिखाई दिया। यह काफी दूर से आ रहा था। खेत में कहीं पर पराली जली थी, जिसकी आग को बवंडर में समेट लिया और महिला को आगोश में ले लिया। अस्पताल के सह अधीक्षक यत्नेश त्रिपाठी ने बताया कि आग में झुलसी महिला को गंभीर हालत में एडमिट किया गया था। वह 80 प्रतिशत झुलस गई थी। उन्हें बचाया नहीं जा सका। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
Post a Comment