इंदौर। इंदौर के नामी बदमाश के यहां नशे की तस्करी और ऑनलाइन सट्‌टा की सूचना मिलने पर दो थानों की पुलिस ने बुधवार को दबिश दी। पुलिस को यहां से नशे की सामग्री और ऑनलाइन सट्‌टे के सबूत मिले हैं। पुलिस के पास लंबे समय से आरोपी शावेज पुत्र अख्तर बेग के संवाद नगर स्थित घर पर अवैध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। शावेज बंबई बाजार के नामी बदमाश बाला बेग का भतीजा है। शावेज पर शहर के अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हैं।

बुधवार रात दो थानों संयोगिता गंज और आजाद नगर के टीआई ने टीम बनाकर यहां संयुक्त कार्रवाई की। दोनों थानों के टीआई पुलिस फोर्स के साथ शावेज के घर बुधवार को पहुंची। पुलिस को देख शावेज ने अपना शिकारी कुत्ता पुलिस के पीछे छोड़ दिया। कुत्ते को भटकाने के लिए कुछ पुलिसकर्मियों ने दौड़ लगाई लेकिन दोनों टीआई तहजीब काजी और इंद्रेश त्रिपाठी मौके पर डटे रहे।

कुछ ही देर में शावेज के घर की महिलाएं बाहर निकलीं और मेन गेट बंद कर दिया। वे पुलिस से बहस करने लगीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिलाओं ने पुलिस को अपशब्द भी कहे। इस बीच टीआई काजी ने घर का दरवाजा तोड़ दिया और वे पुलिस फोर्स के साथ घर के अंदर पहुंचे।

पुलिस को घर में आता देख शावेज घर से भागने के लिए छत से कूद गया। इस घटना में शावेज का दायां पैर टूट गया। इस कारण उससे भागते नहीं बना। कुछ पुलिसकर्मी उसके पीछे दौड़े और गिरफ्तार कर लिया। शावेज के पकड़ में आने के बाद पुलिस ने उसकी मौजूदगी में घर की तलाशी ली। यहां से पुलिस को एक अवैध पिस्टल, कट्‌टा और 17 जिंदा कारतूस मिले हैं। इसके अलावा ऑनलाइन सट्‌टा कारोबार और नशे की तस्करी का सामान भी मिला है। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। शावेज को फिलहाल उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बंबई बाजार दंगे का मास्टर मांइड है परिवार

शावेज बेग बाला बेग का भतीजा है। परिवार का घर बंबई बाजार में भी है। 90 के दशक में हुए दंगे में बाला बेग ने तत्कालीन एसपी धस्माना के ऊपर पत्थर फेंका था। इसके बाद पुलिस ने आपरेशन बंबई बाजार चलाया था। अख्तर और उसके परिवार पर आपसी रंजिश के भी कई प्रकरण दर्ज हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post