इंदौर। इंदौर में बचपन से अपनी बहन के साथ रह रहे एक भाई की सड़क हादसे में मंगलवार रात मौत हो गई। रात 11 बजे उसे लवकुश चौराहे पर अज्ञात वाहन टक्कर मार गया था। एंबुलेंस से उसे अरबिंदो अस्पताल भेजा गया। यहां बहन ने भाई के मोबाइल पर कॉल किया तो हादसे की जानकारी लगी।

बाणगंगा पुलिस के मुताबिक घटना लवकुश चौराहे की है। यहां रात में हादसे की सूचना मिली थी। गोलू (26) पुत्र स्व. मोहन आदिवासी निवासी गोविंद नगर खारचा को बाइक से घर जाते समय वाहन टक्कर मार गया था। उसे पहले अरबिंदो फिर एमवाय अस्पताल भेजा गया। देर रात गोलू ने दम तोड़ दिया। वह इंदौर में अपनी बहन बंसीबाई के साथ रहता था। गोलू अरबिंदो परिसर की एक होटल में कुक का काम करता था।

मोबाइल पर कॉल किया तो पता चला

बहन बंसीबाई ने बताया कि गोलू अमन रेस्टोरेंट में खाना बनाता है। वह भी पति के साथ यही काम करती है। रात में गोलू अपने रेस्टोरेंट से घर के लिये निकला और हादसे का शिकार हो गया। बंसीबाई के मुताबिक वह मूल रूप से सागर के मालपुर बड़ोदिया के रहने वाले हैं। गोलू के माता-पिता की मौत काफी पहले ही हो चुकी है। शादी के बाद बहन उसे अपने साथ ले आई थी। पुलिस के मुताबिक टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post