पीछे से रौंदकर अधमरा किया, फिर रिवर्स में कुचलकर मार ही डाला

गुना। तीन पुलिसकर्मियों की हत्याकांड से सुर्खियों में रहे गुना में एक और हत्याकांड हुआ। बिलोनिया के वेयरहाउस में ड्राइवर ने हम्माल पर पिकअप चढ़ाकर हत्या कर दी। एक दिन पहले दोनों में पैसों को लेकर झगड़ा हुआ था। घटना बुधवार शाम की है। शहर के घोसीपुरा में रहने वाले पहलवान केवट (34) बिलोनिया स्थित वेयरहाउस पर हम्माली करता था। बुधवार सुबह वह घर से काम पर गया था। शाम 6 बजे जब वह काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी वेयर हाउस कैंपस में पीछे से पिकअप ने आकर उसे टक्कर मार दी। उसे अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

CCTV आया सामने

परिजन जानबूझकर गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगा रहे हैं। घटना वेयरहाउस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। इसमें दिख रहा है कि पिकअप काफी देर से खड़ी है। पहलवान केवट आते हुए दिखता है, ठीक तभी ड्राइवर गाड़ी बढ़ा देता है। पीछे से उसे टक्कर मारता है। इसके बाद फिर गाड़ी को बैक करता है।

दो दिन पहले हुआ था विवाद

परिवारवालों ने बताया कि पिकअप के ड्राइवर से पहलवान का दो दिन पहले विवाद हुआ था। पैसों के लेन-देन को लेकर यह विवाद था। दो दिन बाद ही यह घटना हो गई। टक्कर के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में ड्राइवर पर केस कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post