इंदौर में पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए अब एक महिला को बार-बार ग्वालियर से इंदौर आने की जरूरत नहीं होगी। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने महिला को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फैमिली कोर्ट में पेश होने, अपनी गवाही देने और गवाहों से जिरह करने की अनुमति दी है।

हाई कोर्ट ने इंदौर और ग्वालियर के फैमिली कोर्ट को आपसी तालमेल के साथ ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। जस्टिस आलोक अवस्थी ने महिला की याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया। महिला ने सीआरपीसी की धारा 24 के तहत याचिका दायर कर इंदौर के प्रथम अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश की फैमिली कोर्ट में चल रहे मामले को ग्वालियर स्थानांतरित करने की मांग की थी।

महिला की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि याचिकाकर्ता फिलहाल अपने परिवार के साथ ग्वालियर में रह रही है। वह मधुमेह और अग्नाशय संबंधी बीमारी से पीड़ित है। उसे रोजाना इंसुलिन का इंजेक्शन लेना पड़ता है। इसके अलावा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते लगभग हर महीने अस्पताल में भर्ती होना पड़ता है।

ऐसे में ग्वालियर से इंदौर पहुंचकर अदालती कार्यवाही में शामिल होना उसके लिए काफी कठिन है। दोनों शहरों के बीच करीब 504 किलोमीटर की दूरी है और एक तरफ का सफर पूरा करने में लगभग 9 घंटे लगते हैं।

हाई कोर्ट ने स्थानांतरण याचिका पर फैसला लेते हुए महिला को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इंदौर फैमिली कोर्ट की कार्यवाही में शामिल होने की सुविधा देने का निर्देश दिया। इसके तहत वह ऑनलाइन अपनी गवाही दर्ज करा सकेगी और दूसरे पक्ष के गवाहों से जिरह भी कर सकेगी। कोर्ट ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से दस्तावेज स्वीकार करने की व्यवस्था करने के लिए भी कहा है।

अदालत के निर्देशानुसार, इंदौर और ग्वालियर के फैमिली कोर्ट को सुनवाई की तारीखों पर आपसी समन्वय बनाकर ऑनलाइन कार्यवाही सुनिश्चित करनी होगी। इस फैसले से महिला को अपनी बीमारी के बीच लंबी दूरी की यात्रा करने से राहत मिलेगी और वह ग्वालियर में रहते हुए ही अदालती प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेगी।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post