अमेरिका के ओरेगन राज्य के बेंड शहर में स्थित सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल के पास गोलीबारी की घटना सामने आई है। अधिकारियों के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस घटना में बच्चों समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने संदिग्ध हमलावर की मौत की भी पुष्टि की है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर को शुरुआती मृतकों की संख्या में शामिल किया गया है या नहीं।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या शुरुआती है और इसमें बदलाव हो सकता है। बेंड पुलिस की प्रवक्ता ने कहा कि फिलहाल मृतकों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि मरने वालों में बच्चे शामिल हैं। प्रवक्ता ने घटना को बेहद दुखद और विनाशकारी बताया।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय समयानुसार गुरुवार दोपहर करीब एक बजे स्कूल के बाहर खड़ी एक कार पर गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान स्कूल के अंदर से भी आपातकालीन कॉल आने लगे। पुलिस के पहुंचने के कुछ समय बाद संदिग्ध हमलावर स्कूल के अंदर गोली लगने से मृत पाया गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि उसे पुलिस ने गोली मारी थी, किसी अन्य व्यक्ति ने गोली चलाई थी या उसने खुद को गोली मारी थी।

घटना के बाद स्थानीय स्कूल प्रशासन ने सोशल मीडिया के जरिए सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल में लॉकडाउन लगाए जाने की जानकारी दी। पुलिस ने स्कूल के कमरों की तलाशी ली और अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस गोलीबारी की घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post