इंदौर के एमआईजी इलाके में गर्म दाल से झुलसे 30 वर्षीय युवक की एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक के परिजनों ने डॉक्टरों पर गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इंजेक्शन लगाए जाने के बाद युवक को दोबारा होश नहीं आया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, आकाश उम्र (30) रविवार को अपने घर में गर्म दाल से झुलस गया था। उसके पैर बुरी तरह जल गए थे। परिजन उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर लिया गया।
परिजनों ने बताया कि आकाश का परिवार एमआईजी मेन रोड पर दाल-पकवान की दुकान चलाता है। दुकान के लिए दाल घर पर ही उबाली जाती है। रविवार को आकाश ऊपर के कमरे से नीचे दाल लेकर आ रहा था। इसी दौरान गर्म दाल गिरने से उसके पैर झुलस गए।
परिवार का आरोप है कि मंगलवार रात दर्द के कारण आकाश काफी परेशान था और चिल्ला रहा था। इसी दौरान डॉक्टरों ने उसे इंजेक्शन लगाया। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद आकाश को होश नहीं आया। बुधवार रात अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है कि इंजेक्शन और युवक की मौत के बीच कोई संबंध था या नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment