रेलवे ने सर्दियों में कोहरे की आशंका को देखते हुए दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को निरस्त करने का फैसला किया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के फेरों में भी कटौती की जाएगी। इससे बरेली होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर, चंडीगढ़ और पूर्वोत्तर की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
सीनियर डीसीएम ने बताया कि कोहरे के मौसम में डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, कामाख्या-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस, अवध-असम एक्सप्रेस, दिल्ली-काठगोदाम और बनारस-देहरादून एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे के अनुसार, लखनऊ-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (12583) और आनंद विहार टर्मिनल-लखनऊ एक्सप्रेस (12584) को 15 दिसंबर से 14 फरवरी तक निरस्त रखा जाएगा। वहीं, गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (15057) 17 दिसंबर से 11 फरवरी तक और आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस (15058) 16 दिसंबर से 10 फरवरी तक नहीं चलेगी।
इसी तरह लालकुआं-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (15059) और आनंद विहार टर्मिनल-लालकुआं एक्सप्रेस (15060) का संचालन 15 दिसंबर से 14 फरवरी तक बंद रहेगा।
डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ और चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस को भी दिसंबर, जनवरी और फरवरी में निर्धारित तिथियों पर निरस्त किया जाएगा। इसके अलावा डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस (15909-15910) और न्यू जलपाईगुड़ी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस के फेरों में भी कमी की जाएगी।
एक ओर कोहरे के कारण रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है, वहीं दीपावली और भैया दूज के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए बरेली परिवहन निगम ने 723 बसों के संचालन की योजना बनाई है। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यात्रियों को आवागमन में सुविधा देना है।
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार, छह नवंबर को धनतेरस, सात नवंबर को छोटी दीपावली, आठ नवंबर को बड़ी दीपावली, नौ नवंबर को गोवर्धन पूजा और 10 नवंबर को भैया दूज मनाया जाएगा। इन त्योहारों के चलते पांच से 12 नवंबर तक बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने रुहेलखंड, बरेली, बदायूं और पीलीभीत डिपो के अधिकारियों के साथ बस संचालन की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत बदायूं, पीलीभीत और हल्द्वानी समेत स्थानीय मार्गों पर 310 बसें चलाई जाएंगी।
त्योहारों के दौरान बसों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए चालकों और परिचालकों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी। बस स्टैंडों पर विशेष टीमें तैनात कर बसों के संचालन की निगरानी की जाएगी। साथ ही, जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें भी उपलब्ध रखी जाएंगी।
रुहेलखंड डिपो के एआरएम ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर सभी उपलब्ध बसों को सड़क पर उतारने की तैयारी की गई है, ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।

Post a Comment