इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र से कैटरिंग कारोबारी अमर अग्रवाल के पिछले 10 दिनों से लापता होने का मामला सामने आया है। अमर के अचानक घर से गायब होने के बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे हैं। इस बीच उसके कमरे से एक पत्र मिला है, जिसमें पांच लोगों के नाम होने की बात कही जा रही है। परिजनों ने कुछ लोगों पर ब्याज पर पैसे देने के बाद लगातार रकम मांगने और धमकियां देने के आरोप लगाए हैं।
परिजनों के मुताबिक, अमर ने कैटरिंग का व्यवसाय चलाने के लिए धर्मेश, विजय, आनंद और रवि सहित अन्य लोगों से ब्याज पर पैसे लिए थे। आरोप है कि वह मूल रकम से कई गुना अधिक पैसा लौटा चुका था, लेकिन इसके बावजूद उससे लगातार और रकम मांगी जा रही थी। परिवार का दावा है कि अमर को डराया-धमकाया जाता था और जान से मारने की धमकियां भी दी गई थीं।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि धर्मेश ने अमर की लाखों रुपये कीमत की कार अपने पास रख ली थी। कमरे से पत्र मिलने के बाद परिवार ने अन्नपूर्णा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है, लेकिन जिन लोगों पर धमकाने और पैसे मांगने के आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
परिवार को आशंका है कि अमर के लापता होने का संबंध पैसों के लेनदेन और कथित धमकियों से हो सकता है। परिजनों ने उसके अपहरण या किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है। हालांकि, इन आशंकाओं की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने पुलिस से मामले की सभी पहलुओं से जांच करने, आरोपों की निष्पक्ष पड़ताल करने और अमर का जल्द पता लगाने की मांग की है। फिलहाल अमर के लापता होने से परिवार परेशान है और उसकी तलाश जारी है।

Post a Comment