इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र की निरंजनपुर बस्ती में गाय चोरी के संदेह में एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल चंदर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि कुछ युवक चंदर के घर पहुंचे और बातचीत करने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गए। कुछ समय बाद चंदर गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
जानकारी के मुताबिक, घटना की शुरुआत एक दूध डेयरी संचालक भूरा की गाय और बछड़े के लापता होने के बाद हुई। भूरा अपने दोस्त बिट्टू के साथ दोनों की तलाश कर रहा था। उन्हें गाय और बछड़ा देवास नाके पर मेट्रो मॉल के पास बंधे मिले।
इसी दौरान चंदर से विवाद हो गया। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस मामले में सूरज जाट और उसके भाई लखन पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। भूरा के मुताबिक, उसका दोस्त बिट्टू ही चंदर को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। रिकॉर्ड में परदेशीपुरा और एमआईजी थानों में हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Post a Comment