महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिरूर इलाके में प्याज की कीमत 50 से 55 रुपए प्रति किलो पहुंचने के बीच चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। बुधवार देर रात चोर एक किसान के स्टोरेज शेड का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपए कीमत की 17 बोरी प्याज चुरा ले गए। पिछले 15 दिनों में इलाके में प्याज चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है।
पुलिस के मुताबिक, किसान ने खेत में प्याज सुरक्षित रखने के लिए 20 यूनिट का स्टोरेज शेड बनाया था। इनमें से 13 यूनिट का प्याज वह पहले ही बेच चुका था, जबकि 7 यूनिट में बिक्री के लिए प्याज रखा हुआ था। बुधवार 16 सितंबर की आधी रात चोरों ने एक यूनिट का ताला तोड़ा और वहां रखी 17 बोरी प्याज लेकर फरार हो गए।
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे किसान शेड पर पहुंचा, तब उसे चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद उसने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले शिरूर के एक अन्य क्षेत्र में भी किसान के स्टोरेज शेड से करीब 30 बोरी प्याज चोरी होने की घटना सामने आई थी। लगातार दो चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय किसानों में अपनी फसल और जमा पूंजी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय किसान सखाराम नलवडे ने कहा कि किसान महीनों की मेहनत और बड़ी लागत के बाद फसल को सुरक्षित रखते हैं। ऐसे में चोरी की घटनाओं से किसानों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की।
शिरूर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनोद पाटिल के अनुसार, प्याज चोरी के दोनों मामलों में FIR दर्ज की जा चुकी है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment