इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक महिला से सम्मोहन और झांसेबाजी के जरिए सोने के गहने ठगने का मामला सामने आया है। यादव नगर निवासी सुंदरबाई गुरुवार को निजी काम से आकाश स्कूल के पास स्थित एक दुकान पर गई थीं। वापस लौटते समय चौराहे पर एक अज्ञात युवक ने उनसे एटीएम का रास्ता पूछा।

महिला उसे रास्ता बताने लगीं, तभी एक अन्य पुरुष और महिला वहां पहुंच गए। तीनों ने बातचीत में महिला को उलझाया और कंधे पर हाथ रखकर उन्हें पास के एक खाली प्लॉट की ओर ले गए।

आरोपियों ने महिला को बातों में फंसाकर उनके सोने के कान के झुमके और मंगलसूत्र उतरवा लिए। इसके बाद गहनों को रुमाल में रखवा दिया। आरोपियों ने महिला से कहा कि वे युवक का काम करवाकर वापस आएंगे और उन्हें वहीं इंतजार करने को कहा।

महिला करीब दो से तीन घंटे तक उनका इंतजार करती रहीं, लेकिन जब कोई वापस नहीं आया तो उन्होंने रुमाल खोलकर देखा। उसमें गहनों की जगह दो पत्थर रखे हुए थे। इसके बाद महिला को ठगी का पता चला।

पीड़िता ने बाणगंगा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post