मध्य प्रदेश के गुना जिले के जामनेर कस्बे में गाय को पैर से हटाने की घटना के बाद विवाद सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने गाय को पैर मारने वाले बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति को गाय के सामने जमीन पर झुककर माफी मांगने के लिए मजबूर किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, कैंट क्षेत्र के रहने वाले जमीलउद्दीन शटर लगाने का काम करते हैं। कुछ दिन पहले वह पिकअप वाहन से सामान लेकर जामनेर में एक परिवार के यहां काम करने पहुंचे थे। सामान उतारते समय रास्ते में एक गाय खड़ी थी। रास्ता खाली कराने के दौरान उन्होंने गाय को पैर मार दिया। पास लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना रिकॉर्ड हो गई।

घटना के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। मामला फैलने पर कुछ हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों ने जमीलउद्दीन को कुछ समय के लिए अपने यहां सुरक्षित रखा।

बाद में जमीलउद्दीन से गाय के सामने माफी मंगवाई गई। सामने आए वीडियो में वह जमीन पर झुककर गाय के सामने माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। इसी वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा चल रही है।

जमीलउद्दीन ने जामनेर पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह घटना के बाद शिकायत करने थाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। उनके मुताबिक, पुलिस ने उन पर दबाव बनाकर यह लिखवा लिया कि वह किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते और माफी मांग चुके हैं। जमीलउद्दीन ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करने की बात कही है। उन्होंने अपने साथ हुए व्यवहार की जांच की मांग भी की है।

पुलिस ने शिकायत नहीं मिलने की बात कही

जामनेर थाना प्रभारी के अनुसार, जमीलउद्दीन काम के सिलसिले में जामनेर आए थे और रास्ते से गाय हटाने के लिए उन्होंने उसे पैर मारा था। मौके पर मौजूद बजरंग दल से जुड़े लोगों ने इसका विरोध किया और उनसे पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने गाय के सामने माफी मांग ली।

थाना प्रभारी का कहना है कि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। इसी वजह से कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। पुलिस के मुताबिक, यदि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post