गुवाहाटी में पत्नी की हत्या कर उसका सिर फ्रिज में रखने के आरोपी रामानुज की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, उसे मेडिकल जांच के लिए गौहाटी मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने चलती पुलिस गाड़ी से छलांग लगा दी। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रामानुज की सात दिन की पुलिस हिरासत रविवार को खत्म हो रही थी। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाना था। पिछले साल ही उसकी शादी रिया से हुई थी। पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को उसने पत्नी की हत्या कर दी थी। उसे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था।

हत्या के बाद रामानुज फरार हो गया था। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब घर पहुंची तो फर्श पर खून से सना धड़ मिला, जबकि सिर को प्लास्टिक में लपेटकर फ्रिज में रखा गया था।

हत्या के अगले दिन ही आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस हिरासत के दौरान उसने पूछताछ में कहा था कि जेल से बाहर आने के बाद वह पत्नी के कथित 'शुगर डैडी' की भी हत्या करेगा। उसने हत्या पर पछतावा नहीं होने की बात भी कही थी और कहा था कि उसने यह कदम सोच-समझकर उठाया है।

पुलिस के मुताबिक, रामानुज नशे का सेवन करता था और उसका इलाज भी चल रहा था। वह कैब चलाता था। उसके किराए के घर से शराब की कई बोतलें और स्थानीय भाषा में 'दोओ' कहे जाने वाला एक बड़ा चाकू भी बरामद किया गया था।

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया था कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, लेकिन बाद में दोनों शांत हो गए थे। अगले दिन घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post