बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद पति ने पत्नी से मुर्गा बनाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपी ने पत्नी के सिर और पेट पर लकड़ी के डंडे से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तलाश कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जोकापाठ में दुखनी बाई अपने पति रमेश कोरवा के साथ रहती थी। घटना से एक दिन पहले दोनों ने हड़िया शराब बनाकर पी थी। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच रमेश ने दुखनी से मुर्गा बनाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर रमेश ने गुस्से में दुखनी के साथ मारपीट की। उसने लकड़ी के डंडे से महिला के सिर और पेट पर कई बार हमला किया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण दुखनी की मौत हो गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सरई लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद दुखनी के पिता सोमारू साय मौके पर पहुंचे। घर के अंदर कमरे में उन्होंने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया। उसके सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे।

पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें गांव के लोगों से बेटी के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह लालदरा पहुंचे, जहां घर के अंदर दुखनी मृत मिली। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस को मौके पर दुखनी की सास भी मिली। उसने बताया कि घटना से एक दिन पहले रमेश और दुखनी ने हड़िया शराब बनाकर पी थी। शाम करीब 4 से 5 बजे रमेश अपनी पत्नी से मुर्गा बनाने के लिए कह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

सास के मुताबिक, झगड़ा बढ़ने के बाद रमेश ने दुखनी के साथ मारपीट की और फिर घर से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर शंकरगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने देहाती मर्ग इंटीमेशन दर्ज करने के बाद अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। मौके पर पंचनामा कार्रवाई भी की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रमेश कोरवा की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी पर हमला करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि दुखनी के मुर्गा नहीं बनाने को लेकर वह नाराज था और विवाद के दौरान गुस्से में उसने लकड़ी के डंडे से उसके सिर और पेट पर वार कर दिए।

पुलिस ने आरोपी रमेश कोरवा को 30 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post