इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार आयशर वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर उसके पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आयशर चालक के दोनों पैर वाहन के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

कनाड़िया पुलिस के अनुसार, हादसा बिचौली मर्दाना ब्रिज पर हुआ। आयशर चालक राहुल (29) रात के समय ब्रिज से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर खड़ा ट्रक अंधेरे के कारण उसे दिखाई नहीं दिया और आयशर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया।

टक्कर के बाद राहुल के दोनों पैर वाहन में फंस गए। सूचना मिलने पर एसीपी आशीष पटेल सहित पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने वाहन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। टीम में कपिल मल्होत्रा, दिनेश धनेरिया और प्रदीप वर्मा समेत अन्य जवान शामिल थे।

काफी मशक्कत के बाद राहुल को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल चालक को रात करीब 2 बजे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि ट्रक सड़क पर खड़ा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात के अंधेरे में आयशर चालक को ट्रक नजर नहीं आया। पुलिस ट्रक चालक की लापरवाही के पहलू से भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था और हादसा किन कारणों से हुआ।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post