कर्नाटक के तुमकुरु जिले में स्थित एक ज्वैलरी दुकान से सोने के जेवर गायब होने का अनोखा मामला सामने आया है। दुकान में नियमित स्टॉक जांच के दौरान कर्मचारियों ने पाया कि 10 सोने की अंगूठियां और 2 चेन अपनी जगह पर नहीं हैं। शुरुआत में सभी को चोरी की आशंका हुई और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की गई।

दुकान के मालिक के अनुसार, पहले कर्मचारियों को लगा कि किसी ग्राहक या चोर ने जेवर चुरा लिए होंगे। हालांकि, फुटेज में कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया। जांच के दौरान यह भी देखा गया कि जिन जेवरों के गायब होने की बात सामने आई थी, उनके साथ लगे वजन वाले प्राइस टैग भी नहीं मिले।

यही बात कर्मचारियों के लिए अहम सुराग बनी। उनका मानना था कि यदि कोई चोर जेवर ले जाता, तो वह प्राइस टैग साथ नहीं ले जाता। इसके बाद दुकान की दोबारा बारीकी से तलाशी ली गई और पिछली रात की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग फिर से देखी गई।

फुटेज में सुबह करीब 4:30 बजे एक चूहा अपने मुंह में सोने की अंगूठी लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। जांच में पता चला कि चूहे ने दुकान के भीतर एक छेद बनाकर एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक रास्ता तैयार कर रखा था।

इसके बाद दुकान के मालिक और कर्मचारियों ने चूहे के बनाए रास्ते की जांच की। वहां उन्हें रास्ते में गिरी हुई सोने की अंगूठियां और चेन मिल गईं। राहत की बात यह रही कि चूहे के ठिकाने से सभी गायब जेवर सुरक्षित बरामद कर लिए गए।


Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post