इंदौर में बिजनेस लोन दिलाने का झांसा देकर बड़े कारोबारियों को निशाना बनाने वाले संगठित साइबर ठगी गिरोह का नेटवर्क लगातार सामने आ रहा है। पहले 10 करोड़ रुपये के लोन का भरोसा देकर एक कारोबारी से करीब 1 करोड़ रुपये की ठगी का मामला उजागर हुआ था। अब जांच में इसी गिरोह से जुड़ा एक और बड़ा मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, गिरोह ने शहर के एक रोड कंस्ट्रक्शन कारोबारी को 15 करोड़ रुपये का बिजनेस लोन मंजूर कराने का भरोसा दिया। आरोप है कि इस बहाने उससे प्रोसेसिंग फीस, एडवांस ब्याज, एनओसी, रजिस्ट्रेशन और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूल ली गई।
जांच के दौरान इस पूरे रैकेट में दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के एक अभिनेता और एक अभिनेत्री की कथित भूमिका भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां इस पहलू की जांच कर रही हैं।
पीड़ित कारोबारी की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता ने बताया कि गिरोह खासतौर पर ऐसे बड़े कारोबारियों को निशाना बनाता था, जिन्हें बैंकों से बड़ी राशि का लोन मिलने में कठिनाई होती थी। आरोपियों द्वारा आसान प्रक्रिया और कम समय में लोन उपलब्ध कराने का भरोसा देकर विश्वास हासिल किया जाता था।
कारोबारी के अनुसार, आरोपी वीडियो कॉल के दौरान नकदी से भरे कार्टन दिखाते थे और दावा करते थे कि उनमें 15 करोड़ रुपये रखे हैं। इसके बाद कहा जाता था कि कुछ और भुगतान करने पर पूरी रकम सौंप दी जाएगी। इससे पहले सामने आए 10 करोड़ रुपये वाले मामले में भी आरोपियों ने इसी तरह नोटों के बंडल दिखाकर भरोसा जीतने की कोशिश की थी।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने कुछ समय के लिए उसका मोबाइल अपने कब्जे में लेकर उसमें मौजूद दस्तावेज, ई-मेल और अन्य डिजिटल जानकारी स्कैन की। बाद में उसके नाम से ऐसे दस्तावेज तैयार किए गए, जिन पर उसने कभी हस्ताक्षर नहीं किए थे।
अधिवक्ता के अनुसार, बार-बार भरोसा दिए जाने के बावजूद जब कारोबारी को लोन नहीं मिला, तब उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने बताया कि लोगों के बीच मजाक बनने के डर से पीड़ित ने शुरुआत में पुलिस या साइबर सेल में शिकायत दर्ज नहीं कराई।

Post a Comment