इंदौर के प्रतिष्ठित सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के रखरखाव, स्वच्छता और लाइसेंस से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं पाईं। दिल्ली की खाद्य विभाग की टीम के साथ इंदौर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने होटल के किचन, स्टोरेज एरिया और खाद्य सामग्री की जांच की।

जांच के दौरान करीब 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग डेट के मिली। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर रखने की व्यवस्था में भी खामियां सामने आईं। वेज और नॉनवेज सामग्री एक ही कोल्ड स्टोरेज में रखी गई थी। सी-फूड, चिकन और मटन को भी एक साथ स्टोर किया गया था।

निरीक्षण में उबले आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग मिली। कुछ टेट्रापैक लीक पाए गए, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका जताई गई। पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर दर्ज नहीं था। वहीं, स्टोर में फ्रोजन डेजर्ट रखा मिला, जबकि होटल के मेन्यू में उसे आइसक्रीम के तौर पर दर्शाया गया था। कई अन्य खाद्य उत्पाद भी बिना लेबल के मिले।

स्वच्छता जांच के दौरान ड्राई स्टोरेज और नॉनवेज स्टोरेज में जंग लगी सामग्री पाई गई। फूड प्रिपरेशन प्लेटफॉर्म पर भी रस्ट मिला। किचन और स्टोरेज एरिया में कॉकरोच, चूहों की लीद और चूहे पाए गए। ड्राई स्टोरेज की दीवार और फर्श में दरारें भी मिलीं।

टीम को स्टोर में सड़े हुए टमाटर और आलू मिले, जबकि मूंगफली में फंगस पाया गया। कई खाद्य सामग्री दीवार से सटाकर रखी गई थी। बड़ी मात्रा में सामान पैलेट के बजाय सीधे जमीन पर रखा गया था और पैलेट के नीचे भी गंदगी मिली। ग्रेवी को रूम टेम्परेचर पर स्टोर किया गया था। डस्टबिन में गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं मिली।

लाइसेंस की जांच में भी कई आपत्तियां सामने आईं। होटल के लाइसेंस में नॉनवेज शामिल नहीं होने के बावजूद वहां नॉनवेज खाद्य सामग्री रखी गई थी। इसी तरह लाइसेंस में बेकरी और स्वीट्स का उल्लेख नहीं होने के बावजूद होटल में इन-हाउस बेकरी और मिठाई तैयार की जा रही थी। फाइव स्टार श्रेणी के होटल के सेंट्रल लाइसेंस की भी टीम ने जांच की।

निरीक्षण के दौरान इस्तेमाल किए गए जले हुए तेल को सीधे ड्रेनेज में डालने की बात भी सामने आई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर, रॉ नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ, ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए हैं।

फिलहाल जांच जारी है। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर होटल प्रबंधन के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

Speed 0.9x
Idle

Post a Comment

Previous Post Next Post